जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की पहल पर स्थानीय नागरिकों की मांग और क्षेत्र के सुव्यवस्थित विकास को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन द्वारा निपानिया से पिपलियाकुमार रिंग रोड के चौड़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी निर्णय के अनुसार, विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत निपानिया गांव से पिपलियाकुमार रिंग रोड तक लगभग 2800 मीटर लंबे मार्ग का निर्माण वर्तमान में 24 मीटर ( 80 फीट) चौड़ाई में किया जा सकेगा, जबकि इंदौर विकास योजना- 2021 में इस मार्ग की प्रस्तावित चौड़ाई 30 मीटर ( 100 फीट) निर्धारित है।
राज्य शासन द्वारा इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि 24 मीटर चौड़ाई में सड़क निर्माण की अनुमति केवल तात्कालिक क्रियान्वयन की दृष्टि से दी गई है। इसका आशय यह नहीं है कि इंदौर विकास योजना- 2021 में प्रस्तावित मार्ग की मूल चौड़ाई में कोई परिवर्तन किया गया है। भविष्य में इस मार्ग का विकास विकास योजना में निर्धारित 30 मीटर ( 100 फीट) चौड़ाई के अनुरूप ही किया जाना आवश्यक होगा।
शासन के निर्णय में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उक्त मार्ग पर स्थित भूखंडों पर भवन निर्माण की अनुमति जारी करते समय इंदौर विकास योजना- 2021 में प्रस्तावित 30 मीटर ( 100 फीट) की सड़क चौड़ाई को यथावत ध्यान में रखा जाएगा। इस प्रकार भवन अनुज्ञा जारी करते समय भी भविष्य में मार्ग के पूर्ण चौड़ीकरण की आवश्यकता और नियोजित चौड़ाई का ध्यान रखना अनिवार्य होगा।




