शहरी क्षेत्र के नागरिकों, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष पहल की गई है। इसके तहत बालाघाट शहरी क्षेत्र की सभी संचालित शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रत्येक मंगलवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण की सुविधा मिलने के साथ ही व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि आयोजित होने वाले इन शहरी स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (यूएचएनडी) सत्रों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर की सभी 12 प्रकार की व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। इससे शहरी क्षेत्र के नागरिकों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इन चार स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित होंगे टीकाकरण सत्र
शहरी क्षेत्र में प्रत्येक मंगलवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी), सरेखा-बालाघाट, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, ढीमरटोला (बूढ़ी), मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, गायखुरी एवं मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, जयप्रकाश कॉलोनी (इतवारी बाजार), बालाघाट स्वास्थ्य संस्थाओं में टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।प्रत्येक मंगलवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक इन केंद्रों पर यूएचएनडी सत्र संचालित किए जाएंगे। इस दौरान बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर की निर्धारित 12 प्रकार की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्र के नागरिकों, अभिभावकों एवं गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शहरी स्वास्थ्य केंद्र अथवा मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित समय पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। विशेष रूप से अभिभावक अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें विभिन्न संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
