इंदौर संभाग की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस उद्देश्य से संयुक्त संचालक कार्यालय, कौशल विकास विभाग, इंदौर संभाग एवं Atypical Advantage के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपादित किया गया।

एमओयू के माध्यम से दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों को उनकी योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। इस पहल से दिव्यांग युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

एमओयू के तहत संयुक्त संचालक निखिल सिंघल एवं Atypical Advantage की प्रतिनिधि प्रतीक्षा दुबे ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। इस दौरान दोनों पक्षों ने दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों के नियोजन तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय और सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उप संचालक प्रियंका बामने, प्राचार्य रीना सोलंकी, सहायक संचालक पूजा पटेल, प्राचार्य वर्ग-2 गौरव प्रकाश आर्य, संभागीय नियोजन अधिकारी विपिन पुरोहित, संस्था नियोजन अधिकारी हरीश कुमार उईके तथा प्रशिक्षण अधिकारी विष्णु प्रसाद प्रधान उपस्थित रहे।