प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत शहडोल जिले के जनपद पंचायत ब्यौहारी के ग्राम ढोंढा स्थित कुदरा टोले में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण होने से 23 बैगा परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। लगभग 5 लाख 39 हजार रुपये की लागत से किए गए इस कार्य से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीव्हीटीजी) के परिवारों को बिजली की सुविधा उपलब्ध हुई है।

अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ा टोला

विद्युतीकरण से पहले कुदरा टोले में शाम होते ही अंधेरा छा जाता था। ग्रामीणों को रोशनी के लिए चिराग और मिट्टी के तेल की डिबरी पर निर्भर रहना पड़ता था। बिजली पहुंचने से अब बच्चों को शाम और रात में पढ़ाई करने की सुविधा मिल रही है। साथ ही, घरेलू कार्यों और रात के समय आवागमन में भी राहत मिली है।

कृषि एवं आजीविका को मिला बढ़ावा

बिजली की सुविधा से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुगमता आई है। घरों में पंखे, टेलीविजन और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने लगा है। वहीं, सिंचाई की सुविधा विकसित होने से किसानों को सब्जी उत्पादन एवं अन्य सिंचित फसलों की खेती के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे जनजातीय परिवार

कुदरा टोले में विद्युतीकरण कार्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है। पीएम-जनमन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। बिजली की उपलब्धता से 23 बैगा परिवारों को बेहतर जीवन, शिक्षा और आजीविका के नए अवसर मिले हैं।