कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने ग्राम सोईकलां के नवीन पार्क में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समुदाय को पोषण जोड़ो-पुड़िया छोड़ो अभियान के तहत पोषण स्वास्थ्य सहित बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दो पर समुदाय के साथ चर्चा करते हुए उन्हें जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने के प्रति सभी किसानों को जागरूक किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित उक्त जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि प्रकृति ने हमें विभिन्न प्रकार के पोषणयुक्त आहार प्रदान किये है, जिनके सेवन से उचित पोषण प्राप्त किया जा सकता है, इसलिए पोषण बढाये और तम्बाकूयुक्त उत्पादों के सेवन से दूरी बनायें। उन्होंने कहा कि पुडिया-गुटखा न केवल आर्थिक रूप से नुकसानदायक है, बल्कि कैंसर जैसी बीमारियों को भी बढाने में सहायक है, इसलिए इनके सेवन से बचे।

उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों में पराली प्रबंधन करने के लिए निशुल्क रूप से बेलर भी उपलब्ध कराये जा रहे है। सभी प्रकार का सहयोग जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा प्रदान किया जा रहा है, इसमें सभी किसानों को भी साथ देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अन्नापूर्णा धरती मॉ हमें अन्न प्रदान करती है, इसलिए कोई भी किसानबंधु धान के अवशेष पराली को जलाकर नुकसान न पहुंचायें, यह न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से उचित है, बल्कि पराली जलाने से तापमान बढने के कारण मिट्टी में मौजूद मित्र कीट जीवाणु जलकर नष्ट हो जाते है और भूमि की उपजाऊ क्षमता कम होती चली जाती है, इसलिए पराली का उचित प्रबंधन करें। इस अवसर पर बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दे पर भी समुदाय के साथ सकारात्मक चर्चा भी हुई।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा नवीन पार्क में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी मांगो ओर समस्यों का समाधान किया गया। इसके साथ ही योजनाओं में लाभ का वितरण करने की कार्यवाही की गई। इस अवसर पर श्रीमती उषा वैष्णव का नाम पीएम आवास योजना 2.0 में जोडने की कार्यवाही की गई तथा श्री दिनेश मीणा एवं श्री रामअवतार गुर्जर को पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत लाभान्वित करने के निर्देश दिये गये। श्रीमती चंद्रकला बैरवा के आवेदन के परीक्षण उपरांत अवगत कराया गया कि वृद्धावस्था पेंशन पूर्व से ही स्वीकृत है तथा शीघ्र ही पेंशन की राशि बैंक खाते में आयेगी। जनसंवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्री गगन सिंह मीना, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री बीपी सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्री अमित शर्मा, जनपद सदस्य श्री विजय सिंह मीणा, सरपंच श्री हरि सिंह मीणा, लहचौडा सरपंच श्री भोलाराम शर्मा, पूर्व सरपंच श्री लक्ष्मीनारायण मीणा, सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 93 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वसहायता समूहों से जुडकर रोजगारमूलक गतिविधियों का संचालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं एनआरएलएम के माध्यम से स्वसहायता समूहों से जुडकर स्थानीय संसाधनों और बाजार की उपलब्धता के अनुरूप रोजगारमूलक गतिविधियों का संचालन कर अपने और अपने परिवार की आजीविका बढाने में भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के पुर्नवास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है तथा सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से दिव्यांगजनों को जोडने का कार्य किया जा रहा है।

सुधरी स्ट्रीट लाइट, रोशन हुआ सोईगांव

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा गत माह सोईकलां में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एनएच-552 पर स्ट्रीट लाइट बंद होने संबंधी समस्या के त्वरित निदान हेतु दिये गये निर्देशों के क्रम में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्री हरि सिंह मीणा ने जानकारी दी कि संबंधित विभाग द्वारा एनएच-552 पर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर प्रकाश व्यवस्था बहाल कर दी गई है, इसके साथ ही पंचायत द्वारा भी गांव में स्ट्रीट लाइट लगाई गई है, जिससे अब पूरा गांव रोशनी से जगमग हो गया है।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान श्री मोतीलाल बैरवा का उपचार ग्वालियर अथवा भोपाल स्थित कैंसर हॉस्पीटल में निशुल्क रूप से कराये जाने के निर्देश सीएमएचओ डॉ दिलीप सिकरवार को दिये। उपचार सहायता संबंधी आवेदन का निराकरण करते हुए निर्देशित किया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बना हुआ है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। इसी प्रकार श्री शंभूलाल गुर्जर निवासी नदांपुर को मेडिकल बोर्ड के माध्यम से बुधवार को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया जाकर पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को दिये गये।

श्रीमती संपत बाई को मिला संबल योजना का लाभ

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत हितग्राही श्रीमती संपत बाई निवासी सोईकलां को दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। इसी प्रकार श्री बीरबल बैरवा एवं श्री अजीत सिंह निवासी सोईकलां को बीपीएल सूची में नाम जोडने के संबंध में आदेश प्रदान किये गये।

पशुपालन विभाग की योजनाओं में दो हितग्राही लाभान्वित

पशुपालन विभाग अंतर्गत ग्राम ददूनी निवासी श्री सतीश जाट को मुर्रा पाडा प्रदाय योजना के तहत लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार श्री दीपक बैरवा निवासी चकबमूलिया को गौमेत्री के प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य एवं आयुष शिविर का आयोजन, 17 एक्स-रे भी किये

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य एवं जाँच शिविर के दौरान 31 लोगों का बीपी, शुगर सहित स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया, इसके साथ ही टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 17 रोगियों के एक्स- रे भी किए गए तथा 12 लोगों की स्पुटम जांच के नमूने लिये गये। 17 लोगों की एचआईवी जांच भी की गई। इसी प्रकार आयुष विभाग द्वारा आयोजित शिविर के माध्यम से 59 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आयुर्देदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं प्रदान की गई।

18 फार्मर रजिस्ट्री और 23 की स्वामित्व योजना में हुई रजिस्ट्री

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान अटल सेवा केन्द्र सोईकलां के माध्यम से 18 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई गई, इसके साथ ही स्वामित्व योजना के तहत 23 हितग्राहियों को अपनी संपत्ति का मालिकाना हक प्रदान करते हुए रजिस्ट्रीयां की गई।