नगर में आवारा मवेशियों की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अनुभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री विजय सिंह यादव के निर्देश पर शनिवार और रविवार को चलाए गए अभियान में काऊ-कैचर की मदद से सात आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया। एसडीएम श्री यादव को भ्रमण के दौरान तथा नागरिकों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं कि कटंगी की मुख्य सड़क सहित विभिन्न वार्डों में आवारा मवेशी घूमते रहते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही मवेशियों के आपस में लड़ने से नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री यादव ने नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने विशेष अभियान चलाकर सात आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा। उल्लेखनीय है कि लगभग 15 दिन पहले भी एसडीएम के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा गया था। क्षएसडीएम श्री यादव ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि नगर में आवारा मवेशियों की समस्या के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सुबह और शाम सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा शहर में कहीं भी गंदगी न रहने देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, ताकि सभी नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।