रबी सीजन में किसानों को समय पर और पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जलाशयों में उपलब्ध जलभराव, रबी सिंचाई के लक्ष्य तथा निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सिंचाई योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग ने बताया कि कटनी जिले में कुल कृषि योग्य क्षेत्र 2 लाख 36 हजार हेक्टेयर है। वर्तमान में जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित जलाशयों के माध्यम से 34 हजार 163 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं के पूर्ण होने पर 1 लाख 2 हजार 471 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे जिले के कुल कृषि क्षेत्र के लगभग 43 प्रतिशत हिस्से को सिंचाई का लाभ मिल सकेगा।लंबित योजनाओं के ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई जिला पंचायत की सीईओ ने निर्माणाधीन योजनाओं को प्राथमिकता से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित योजनाओं में कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त कर पुनः निविदा प्रक्रिया अपनाते हुए कार्य समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।नहरों की सफाई और मरम्मत पर विशेष जोर बैठक में नहरों की सफाई, मरम्मत एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा जल वितरण व्यवस्था व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण करने और अस्थाई विद्युत कनेक्शन की जानकारी जल संसाधन विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया। रबी सीजन में सिंचाई व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी और आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।