कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा आज 27 अक्टूबर 2026 को वन विकास निगम, बरघाट परियोजना मंडल के कार्यालय, ज्यारथ नाका, सिवनी में ‘निधि आपके निकट 2.0’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन विकास निगम के डीएफओ श्री रामकिशन सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।भविष्य निधि आयुक्त, जबलपुर श्री कैलाश चंद्र जोशी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री छवि कुमार एवं श्री विपिन रजक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वन विकास निगम के लगभग 35 से 40 कर्मचारी, पेंशनधारक एवं नियोक्ता शामिल हुए तथा उन्हें भविष्य निधि (पीएफ), पेंशन एवं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की विभिन्न सेवाओं के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।इस दौरान कर्मचारियों एवं पेंशनधारकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया गया। प्रमुख रूप से नाम, पिता के नाम एवं जन्मतिथि में संशोधन से संबंधित प्रकरण सामने आए। कुछ पेंशनधारकों के फॉर्म-10डी भी ऑनलाइन जमा किए गए। विभागीय अधिकारियों द्वारा संबंधित हितग्राहियों को आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।कार्यक्रम में डीएफओ श्री रामकिशन सोलंकी ने कहा कि वन विकास निगम में पुराने रिकॉर्ड होने के कारण कई बार कर्मचारियों एवं पेंशनधारकों को अभिलेख संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वन विकास निगम एवं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के समन्वय से कर्मचारियों, अंशदाताओं एवं पेंशनधारकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।‘निधि आपके निकट 2.0’ कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, पेंशनधारकों एवं नियोक्ताओं को भविष्य निधि, पेंशन तथा EPFO की विभिन्न सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना तथा विभाग और हितग्राहियों के बीच सीधे संवाद को प्रभावी बनाना है।उल्लेखनीय है कि ‘निधि आपके निकट 2.0’ के अंतर्गत आगामी कार्यक्रम 27 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।


