पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा प्रदेश के मूल गौवंशीय नस्ल एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय के पशुपालकों के लिए सभी विधानसभा के चयनित वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत पन्ना विधानसभा के वृंदावन ग्राम धरमपुर और पवई विधानसभा के वृंदावन ग्राम रैपुरा में आगामी 27 एवं 28 अक्टूबर तथा गुनौर विधानसभा के वृंदावन ग्राम सलेहा में 29 एवं 30 अक्टूबर को यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन 6 लीटर अथवा अधिक दुग्ध उत्पादन वाली गौवंश के पशुपालक एवं संबंधित वृंदावन ग्राम के निवासी ही आवेदन के लिए पात्र होंगे। सभी पात्र पशुपालकों से प्रतियोगिता में सहभागिता कर लाभ उठाने की अपील की गई है। अधिक जानकारी एवं प्रतियोगिता के आवेदन के लिए वृंदावन ग्राम धरमपुर, सलेहा और रैपुरा के पशु चिकित्सा संस्था में संपर्क किया जा सकता है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपए एवं तृतीय नकद पुरस्कार 25 हजार रुपए निर्धारित है।

