छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के 97 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आवेदन सुनकर संबंधित विभागों को उनके तत्परता से निराकरण के निर्देश दिए।
जमीन से लेकर बिजली-पानी तक के मामले
शहरी, ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों से आए लोगों ने जमीन के सीमांकन, नक्शा दुरुस्त कराने, अतिक्रमण हटाने और नाला गहरीकरण से जुड़े आवेदन सौंपे। अनुकम्पा नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तथा बिजली-पानी की समस्याएं भी जनसुनवाई में उठीं।
खास बातें
- जनसुनवाई में 97 आवेदकों ने रखीं समस्याएं
- जमीन, आवास, बिजली-पानी और भुगतान से जुड़े आवेदन मिले
- चिन्हित प्रकरणों की समय-सीमा बैठक में होगी समीक्षा
कलेक्टर ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण दर्ज कराने को कहा। कई मामलों को आगे की समीक्षा के लिए समय-सीमा बैठक में भी चिन्हांकित किया गया।
सहायता, भुगतान और पात्रता के लिए भी आवेदन
ग्राम लिंगा की सरोज यादव ने अन्त्येष्टि सहायता राशि और डोकली खुर्द की कमला बाई ने कपिल धारा कूप निर्माण का भुगतान दिलाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम सिधौली की कुन्ती ने स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता पद पर नियुक्ति का विषय रखा।
छिंदवाड़ा के गांधी गंज स्थित विजय वस्त्र भंडार के व्यापारी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत दी गई सामग्री का भुगतान मांगा। खापाभाट के राजकुमार ने संबल कार्ड में दर्ज अपात्रता हटाकर पात्र किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया।
खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े
जनसुनवाई में एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सुधीर जैन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अन्य खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए और आवेदनों की सुनवाई की।

